पैसे मांगे तो रसूखदारों ने दौड़ा-दौड़कर पीटा
शिवपुरी. अमोलपठा चौकी क्षेत्र के नयागांव में पंखे की मोटर उधारी में भरवा लेने के बाद युवक ने अपनी मेहनत के पैसे मांगे। बार-बार पैसे मांगने से आरोपी इतना अधिक खफा हो गया कि उसने 2 बेटों के साथ मिलकर युवक को लाठियों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। युवक को सरेराह दौड़ा’-दौड़ाकर बेरहमी से पीटे जाने का वीडियो भी सामने आया है। घटना के तीसरे दिन पुलिस ने केस दर्ज कर मामला जांच में ले लिया है।
क्या है पूरा मामला
पीडि़त राजू जाटव 32, पुत्र भगवानदास जाटव निवासी ग्राम नयागांव से गांव के अशोकसिंह ठाकुर ने इसी वर्ष गर्मियों के सीजन में पंखे की मोटर उधारी पर भरवाई थी। लगभग 300 रूपये कुछ दिनों बाद देने की बात कहकर अशोकसिंह मोटर ले गया था। जब राजू जाटव मेहनताने के पैसे मांगे तो वह टाल देता था। हनुमान घाट जाने वाले राजस्ते पर 24 नवम्बर को राजू का अशोक ठाकुर से आमना-सामना हो गया। फिर से पैसे मांगने पर दोनों में विवाद हो गया। अशोकसिंह ने अपने बेटे अंकित ठाकुर और मीनू ठाकुर के साथ मिलकर राजू की लात घूसों और लाठियों से मारपीट कर दी। पुलिस ने 26 नवम्बर को मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
