एंटी माफिया- 4 करोड़ 10 लाख रूपए मूल्य की सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त

ग्वालियर एंटी माफिया अभियान के तहत सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई जारी है। इस कड़ी में बुधवार को अनुविभागीय दण्डाधिकारी मुरार एचबी शर्मा के नेतृत्व में गए राजस्व, नगर निगम व पुलिस के संयुक्त दल द्वारा भू-माफियाओं के कब्जे से बेशकीमती जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन की कीमत लगभग 4 करोड़ 10 लाख रूपए आंकी गई है।
दीनारपुर व लोहारपुर की शासकीय जमीन पर थीं अवैध कॉलोनियाँ
अनुविभागीय दण्डाधिकारी मुरार एचबी शर्मा ने बताया कि दीनारपुर स्थित विभिन्न सर्वे नम्बर की लगभग 1.212 हैक्टेयर शासकीय जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए 19 मकानों की बाउण्ड्रीवॉल तथा यहाँ अवैध रूप से डाली जा रही मुरम की सड़कों को नष्ट किया गया। इसी तरह ग्राम लोहारपुर के अंतर्गत लगभग डेढ़ बीघा जमीन पर अवैध तरीके से बनाए गए तीन मकान व बाउण्ड्रीवॉल हटाकर इस जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। स्पष्ट किया है कि मुरार राजस्व अनुविभाग के अंतर्गत एंटी माफिया अभियान के तहत ऐसी ही कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई को अंजाम देने गए दल में तहसीलदार मुरार डॉ. महेशसिंह कुशवाह, अपर आयुक्त नगरनिगम आर के श्रीवास्तव, सिटी प्लानर प्रदीप वर्मा, संबंधित जोनल अधिकारी व नगर निगम का मदाखलत अमला एवं थाना प्रभारी मुरार सहित पुलिस के अन्य जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *