“रन फॉर यूनिटी” सह सदभावना रैली निकालकर दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश
ग्वालियर – राष्ट्रीय एकता दिवस 31 अक्टूबर को ग्वालियर में “रन फॉर यूनिटी” सह सदभावना रैली निकालकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर “रन फॉर यूनिटी” को कम्पू स्थित खेल परिसर से ग्वालियर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदौरिया ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह रैली कम्पू थाना, केआरजी कॉलेज, पद्मा विद्यालय, महावीर भवन, कम्पू चौराहा से कम्पू थाना होते हुए वापस जिला खेल परिसर पहुँची और यहीं पर इस रैली का समापन हुआ।
“रन फॉर यूनिटी” के आयोजन से पहले कम्पू खेल परिसर में ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष ने रैली में शामिल हुए खिलाड़ियों, विद्यार्थियों व नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता और अखण्डता बनाए रखने की शपथ ली। इस अवसर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्षिता और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का स्मरण किया गया। सभी ने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का संकल्प भी लिया।
