राजस्थान के भाजपा पूर्व विधायक अतरसिंह भड़ाना की पीट-पीटकर ग्रामीणों ने की हत्या, लाठियों -पत्थरों से किया था हमला


भरतपुर. राजस्थान के भरतपुर जिलंे में बयाना के पूर्व विधायक और भाजपा नेता अतरसिंह भड़ाना 68, की हत्या कर दी गयी है। पत्नी कमलेश ने बताया है कि अतरसिंह रविवार की शाम 6.30 बजे भौंडा गांव में अपने क्रेशर खनन लीज (प्लांट) पर पहुंचे थे। इस बीच 70-80 लोगों ने उन पर लाठी पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में अतरसिंह और उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गये थे। दोनों को पहले वैर अस्पताल में ले जाया गया। इसके बाद अतर सिंह को जयपुर और गगन शर्मा को भरतपुर के लिये रेफर कर दिया। एसएमएस थानाधिकारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि अतरसिंह की एसएमएस अस्पताल में रात 11.30 बजे मौत हो गयी।
पूर्व विधायक पर हमले के बाद गांव में पुलिस बल तैनात है। घटना के बाद से गांव में कोई पुरूष नहीं है। दोनों पक्षों ने एक -दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाये है। पूर्व विधायक अतरसिंह भड़ाना हरियाणा के फरीदाबाद के पाली गांव के निवासी थे। 2003 में वैर से भाजपा से विधायक बने थे।
पुलिस को पता था, कार्रवाई नहीं की-पत्नी
पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश का कहना है कि उनकी लीज का कनेक्शन काट दिया था और वाटर पंप भी खराब कर दिया था। लीज पर जाने वाले लोगों को भी वहां से भगा दिया जाता था। इस संबंध में पुलिस और प्रशासन को रोज सूचना दी जाती थी। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि रविवार शाम 6:30 से 7 बजे के बीच 70-80 लोगों ने मेरे पति और अन्य लोगों पर हमला किया। उन्होंने दावा किया कि अतर सिंह को गोली लगी थी। घटना के समय क्रेशर प्लांट पर करीब 20 से 25 कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *