8 अक्टूबर से आयुष्मान भारत योजना का प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन बहिष्कार

मध्यप्रदेश अध्यक्ष डॉ. बी. एम. शरणागत ने की घोषणा — समाधान नहीं हुआ तो IMA के बैनर तले लगभग 1000 एम्बुलेंस के साथ दिल्ली कूच कर प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाएंगे मांगें
ग्वालियर, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निजी अस्पतालों (यूनाइटेड मेडिकल एसोसिएशन, मध्यप्रदेश नर्सिंग होम एसोसिएशन एवं मध्यप्रदेश यूनाइटेड प्राइवेट हॉस्पिटल डायरेक्टर्स एसोसिएशन) के समक्ष लंबे समय से चली आ रही गंभीर समस्याओं—जटिल भुगतान, क्लेम रिजेक्शन एवं कटौतियां, NABH की अनिवार्यता तथा विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियागत विसंगतियों—को लेकर प्रदेश के चिकित्सा एवं अस्पताल संगठनों ने निर्णायक आंदोलन की घोषणा की है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), मध्यप्रदेश के अध्यक्ष डॉ. बीएम शरणागत ने घोषणा की कि यदि शासन द्वारा अस्पतालों की लंबित समस्याओं का उचित, व्यावहारिक एवं ठोस समाधान नहीं निकाला जाता है, तो 8 अक्टूबर 2026 से मध्यप्रदेश में आयुष्मान भारत योजना का प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन बहिष्कार प्रारंभ किया जाएगा और यह समस्याओं के संतोषजनक समाधान तक जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि अस्पताल संगठन लंबे समय से संवाद, ज्ञापन, प्रतिनिधिमंडल और सांकेतिक विरोध के माध्यम से समाधान का प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद यदि समाधान नहीं निकलता है, तो आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए IMA के बैनर तले प्रदेशभर के अस्पताल संचालक लगभग 1000 एम्बुलेंस के साथ दिल्ली कूच करेंगे और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक अपनी समस्याएं एवं मांगें पहुंचाएंगे।
यदि 8 अक्टूबर तक प्रमुख मांगों पर संतोषजनक समाधान नहीं निकलता है, तो IMA मध्यप्रदेश के नेतृत्व एवं बैनर तले आयुष्मान भारत योजना का प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन बहिष्कार प्रारंभ होगा। इसके बाद आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाते हुए प्रदेशभर के अस्पताल संचालक लगभग 1000 एम्बुलेंस के साथ दिल्ली कूच करेंगे और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक अपनी मांगें पहुंचाएंगे।
“यह आंदोलन आयुष्मान भारत योजना को समाप्त करने के लिए नहीं, बल्कि इसे व्यावहारिक, पारदर्शी और टिकाऊ बनाने के लिए है। अस्पताल सुरक्षित और सक्षम रहेंगे, तभी गरीब मरीज को निर्बाध उपचार मिलता रहेगा।” प्रेसवार्ता में ग्वालियर से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), मध्यप्रदेश यूनाइटेड प्राइवेट हॉस्पिटल्स डायरेक्टर्स एसोसिएशन (UPHDA) एवं मध्य प्रदेश नर्सिंग होम एसोसिएशन के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
प्रेसवार्ता में डॉ. अशोक मिश्रा (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, IMA), डॉ. एस. एस. भल्ला (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, IMA), डॉ. मुकुल तिवारी (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष IMA), डॉ. ओएस कोल (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, IMA), डॉ. राजेश रायजादा (प्रदेश अध्यक्ष, मध्यप्रदेश नर्सिंग एसोसिएशन), डॉ. राहुल सप्रा (पूर्व अध्यक्ष, IMA), डॉ. नीरज शर्मा (पूर्व अध्यक्ष, IMA ग्वालियर एवं UPHDA अध्यक्ष, ग्वालियर), डॉ. सुनील अग्रवाल (पूर्व अध्यक्ष, IMA ग्वालियर), डॉ. अनुराग चौहान (पूर्व सचिव, IMA ग्वालियर), डॉ. अयुष्मान सोमानी (अध्यक्ष, IMA ग्वालियर), डॉ. विनीत चतुर्वेदी (सचिव, IMA ग्वालियर) एवं डॉ. रजनीश निखरा सहित अन्य चिकित्सक एवं अस्पताल प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने केंद्रीय संगठनों द्वारा लिए गए निर्णय एवं 8 अक्टूबर से प्रस्तावित प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *