अचलेश्वर मंदिर से 8 अक्टूबर को निकलेगा संयुक्त मार्च, गांधी प्रतिमा पर होगा समापन: कांग्रेस

ग्वालियर – कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान एवं मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के संकल्प को लेकर शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस भवन पर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों की एक महत्वपूर्ण बैठक कांग्रेस के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समाजवादी पार्टी, सीपीआई, सीपीएम सहित इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के पश्चात इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दलों ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया।बैठक का संचालन महाराज सिंह पटेल ने एवं आभार व्यक्त संगठन महामंत्री इब्राहिम पठान ने किया।
बैठक में सभी सहयोगी दलों ने एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का निर्णय लिया। बैठक में तय किया गया कि 8 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे अचलेश्वर महादेव मंदिर से इंडिया गठबंधन का संयुक्त मार्च निकाला जाएगा, जो फूलबाग स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल तक पहुंचेगा। यहां मार्च का समापन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराने के साथ किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वाेच्च है और उसका सबसे महत्वपूर्ण अधिकार उसका वोट है। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्वाचन संस्थाओं की विश्वसनीयता लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े किसी भी सवाल पर इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दल एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *