भोपाल में आंतरिक सुरक्षा पर देश में पहली बार ऐसी बैठक, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता; गृह सचिव, IB और NCRB चीफ होंगे शामिल

भोपाल. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को भोपाल पहुंचेंगे। वह यहां शनिवार को गोपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। साथ ही कानून व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा संबंधी विषयों पर केंद्र-राज्य के साथ समन्वय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर दो घंटे बैठक करेंगे। इसमें नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन की स्थिति, कानून को प्रभावी बनाने के लिए संसाधनों की उपलब्धता जैसे फोरेंसिक मोबाइल वैन, आंतरिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषय जैसे देश विरोधी गतिविधियां, माओवादी हिंसा उन्मूलन के बाद क्षेत्र में विकास कार्य और सुरक्षा के प्रबंध, नशा मुक्ति अभियान को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे कार्य, इसके संबंध में विभिन्न राज्यों के बीच समन्वय जैसे विषयों पर दो घंटे की मैराथन बैठक होगी।
पहली बार हो रही ऐसी बैठक
आंतरिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर पहली बार इस तरह की बैठक आयोजित होने जा रही है। बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट के डायरेक्टर, नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो और इंटेलिजेंस ब्यूरो के डायरेक्टर भी शामिल होंगे। साइबर अपराध विशेष रूप से वित्तीय धोखाधड़ी रोकने और राशि होल्ड कराने के साझा प्रयासों पर बातचीत होगी।
पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों से कर सकते हैं चर्चा
अमित शाह शुक्रवार शाम को पार्टी के शीर्ष प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों, सेवा संकल्प अभियान और अन्य समसामयिक विषयों पर चर्चा कर सकते हैं। इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अतिरिक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, नवनियुक्त संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी शामिल हो सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *