ग्वालियर में छोटू हत्याकांड में पिस्टल के साथ दबोचे दो इनामी आरोपी
ग्वालियर. गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज के पास 22 सितंबर की रात हुए चर्चित छोटू उर्फ दीपक राजावत हत्याकांड में पुलिस को बडी सफलता मिली है। पुलिसने मामले में फरार चल रहे 10-10 हजार रुपऐ के दो इनामी आरोपियों को भिंड रोड स्थित बंटू ढाबे के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पकडे गए मुख्य आरोपी रानू सिकरवार के पास वारदात में इस्तेमाल की गई 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए है। जबकि राजवीर सिंह चौहान घटना के समय साथ था और उसने भी गोलियां चलाई थीं। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश में 12 जिलों के 100 से ज्यादा गांव में दबिश दी है। जबकि बदमाश ग्वालियर में ही घूमते हुए मिल गए है।

क्या है पूरा मामला
शहर के हजीरा निवासी छोटू उर्फ दीपक राजावत भोला सिकरवार हत्याकांड का मुखबिर था। कुछ दिन पहले ही वह जेल से जमानत पर बाहर आया था। 22 सितंबर की रात को वह अपने दोस्तों नीतेश व अन्य के साथ बाइक से लौट रहा था। तभी लोको गाटर पुलिया रेलवे ओवरब्रिज के पास दो बाइक और एक स्कूटी से आए दिन्नू सिकरवार, राजवीर चौहान, रानू सिकरवार और अन्य बदमाशों ने उसे घेर लिया। रानू सिकरवार ने छोटू को कॉलर पकडकर बाइक से खींचकर नीचे गिराया और कट्टे से गोलियां मार दी। इसके बाद दिन्नू और अन्य साथियों ने भी अंधाधुंध फायरिंग की जिससे छोटू की मौके पर ही मौत हो गई, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
एसएसपी ने घोषित किया था इनाम
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर एएसपी सुजावल जग्गा, सीएसपी मुरार संदीप बांगरे और गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। एसएसपी ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार का इनाम घोषित किया था। मंगलवार 29 सितंबर की देर शाम को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी भिंड रोड पर बंटू ढाबे के पास देखे गए है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर हुलिए के आधार पर भाग रहे दो संदिग्धों को दौडाकर दबोच लिया। पकडे गए आरोपियों की पहचान रानू उर्फ अभिषेक सिकरवार व राजवीर चौहान के रूप में हुई है। पुलिस अब पकडे गए आरोपियों से फरार चल रहे दिन्नू सिकरवार और अन्य साथियों के ठिकानों के संबंध में पूछताछ कर रही है। एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने बताया कि छोटू राजावत हत्याकांड में दो मुख्य आरोपियों को पकडने में सफलता पाई है। फरार आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
