प्रशासन ने अम्बाह में 21 करोड़ की सरकारी जमीन अतिक्रमण से कराई मुक्त
मुरैना. अम्बाह तहसील में शनिवार को अतिक्रमण पर कार्यवाही की गयी है। नवीन तहसील परिसर से सटी 21 करोड़ रूपये से अधिक की सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। यह जमीन अम्बाह तहसील के मौआ अम्बाह में 18 बीघा से अधिक थी। यह नये तहसील परिसर से लगी हुई थी। इस पर लगभग 40 वर्षो से भूमाफिया का कब्जा था। माफिया इस जमीन को बटाई पर दे रहा था। तहसीलदार नरेश शर्मा ने भूमाफिया विरोधी अभियान के तहत तहसील परिसर की जमीन का सीमांकन कराया था। इस बीच इस अतिक्रमण का पता चला था। 40 साल पुराने इस कब्जे को हटाने में 4 घंटे का समय लगा।
तहसीलदार नरेश शर्मा ने बताया कि तहसील परिसर से लगी सर्वे क्रमांक 906, 907, 912 और 913 की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया है। मुक्त कराई गई इस जमीन का बाजार मूल्य करीब 21 करोड़ रुपए है।
उन्होंने यह भी बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान मिली बाजरे की फसल को अम्बाह नगर पालिका की गौशाला भेजा गया है। साथ ही, इस अतिक्रमण मुक्त जमीन पर अब पौधे लगाए जाएंगे।
ये रहे मौके पर मौजूद
तहसीलदार नरेश शर्मा ने कहा कि अम्बाह तहसील में अतिक्रमण और भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई में पटवारी शिवमोहन तोमर, राजवीर तोमर, राजेश तोमर, संजीव शर्मा, प्रवीण जादौन, गोपाल सनर, ज्ञानबीर दुबे, सौरभ सिकरवार, अविनाश सेंगर, सोनू गुप्ता, रामकिशन कोटवार और पुलिस प्रशासन मौजूद थे।
