भाजयुमो नेता राहुल शर्मा ने स्वयं को मारी गोली की आत्महत्या
ग्वालियर. किला गेट थाना इलाके में अवकाना इलाके में गुरूवार की दोपहर लगभग 3.15 बजे 28 वर्षीय राहुल शर्मा ने स्वयं को गोली मार कर सुसाइड कर लिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा राहुल खून से लथपथ हालत में मिला। परिजन और स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर दी। राहुल अपने एक दोस्त के साथ पार्टनरशिप में क्रेशर संचालन का काम करता था। परिजन और आसपास लोगों के अनुसार घटना कुछ समय पहले राहुल अपने दोस्तों के साथ लूडो खेकर घर लौटा था। घर पहुंचने के कुछ समय बाद गोली चलने की आवाज आयी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो राहुल घायलावस्था में पड़ा था, उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
जिस राइफल से क्रेशर संचालक राहुल शर्मा ने सुसाइड किया है वह लायसेंसी और 315 बोर की है। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन का अंतिम संस्कार के लिये सौंप दिया है। मृतक के भाई हिमांशु शर्मा काफी समय से भाजपा कार्यकर्ता और विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के खेमे से जुड़े हुए हैं।
पुलिस ने घटनास्थल सील कर जांच शुरू की
सूचना मिलते ही किला गेट थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। किला गेट थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि युवक द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सील कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राहुल ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस सुसाइड नोट मिलने की भी जांच कर रही है। परिजन और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
