एसपी कार्यालय में आये युवक ने खाया जहर, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, जांच शुरू

एसपी ऑफिस में कांग्रेस नेता ने जहर खाया। - Dainik Bhaskar

ग्वालियर. सिटीसेंटर स्थित एसपी कार्यालय में सोमवार को लक्ष्मीगंज निवासी राजेश किरार ने जहरीला पदार्थ (सल्फास) खाते तत्काल उसी हालत में जयारोग्य चिकित्सालय भेजा गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है। जानकारी के अनुसार राजेश सोमवार को अपनी शिकायत को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा था। इस बीच उसने कार्यालय परिसर में अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो वह गिर पड़ा, मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों ने उसे संभाला और बिना देर किये तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
कर्ज के दबाव से परेशान होने की बात
परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजेश पर कर्ज का भारी दबाव था। उनके अनुसार, ब्याज पर पैसे देने वाले लोग आए दिन उन्हें धमकी देते थे और मारपीट पर उतारू हो जाते थे। इससे परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुसाइड नोट में 9 लोगों के नाम
पुलिस ने राजेश की जेब से सुसाइड नोट बरामद किया है। इसमें पप्पू/कालीचरण, रामकुमार, घुरैया, भारत गुर्जर, दूरशन, विक्रम गुर्जर, रुतम सिंह गुर्जर, राजेंद्र सिंह गुर्जर और कुलदीप यादव के नाम लिखे हैं। सुसाइड नोट में राजेश ने लिखा है कि वह इन लोगों से परेशान थे। उन्होंने लिखा कि उन्होंने इन लोगों से पैसे लिए थे और बरसों से ब्याज दे रहे थे। उनके मुताबिक, ली गई रकम से कई गुना पैसा देने के बाद भी उनसे ब्याज मांगा जा रहा था। नोट में राजेश ने आरोप लगाया है कि ये लोग उन्हें मां-बहन की गालियां देते थे और उन्हें बहुत लज्जित करते थे। उन्होंने लिखा कि उनके घर वाले भी इस बारे में जानते हैं। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है और इसमें लिखे 9 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि राजेश ने एसपी ऑफिस आने से पहले ही कथित तौर पर जहर का सेवन कर लिया था। पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया और जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *