ग्वालियर में बिजली उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा बोझ, ज्यादा देना होगा टैक्स और बिल
ग्वालियर. ग्वालियर शहर में बिजली कंपनी की बिलिंग व्यवस्था में लापरवाही का खामियाजा अब उपभोक्ताओं को भुगतना पड सकता है। शहर के कई इलाकों में पिछले डेढ महीने से बिजली बिल जारी नहीं हुए है। सामानय तौर पर महीने की 2 से 5 तारीख के बीच मीटर रीडिंग लेकर बिल तैयार किए जाते है लेकिन मीटर रीडरों को एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में भेजे जाने के कारण कई जगह बिलिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई है। इसका सबसे ज्यादा असर विनय नगर सेक्टर-3 सहित आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। समस्या यह है कि जिन उपभोक्ताओं के मीटर की रीडिंग समय पर नहीं हुई उनके बिल अब अगली रीडिंग के साथ जारी होंगे। ऐसे में गर्मी के दिनों में बढी बिजली खपत का पूरा भार एक ही बिल में जुडने की आशंका है। यानी उपभोक्ताओं को सामान्य मासिक बिल की तुलना में एक साथ अधिक राशि चुकानी पड सकती है।
जितनी ज्यादा रीडिंग उतना बढेगा बिल
गर्मी के मौसम में पंखे, कूलर और एसी सहित अन्य उपकरणों का उपयोग बढने से वैसे ही बिजली की खपत अधिक रहती है। लंबे अंतराल के बाद रीडिंग होने पर यूनिट की संख्या बढ जाएगी। इसका असर केवल बिजली की मूल खपत पर ही नहीं पडेगा बल्कि टैरिफ के साथ जुडे टैक्स और अन्य शुल्क भी अधिक यूनिट पर लागू होंगे। इससे उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त भार पड सकता है।
हेल्पलाइन पर पहुंच रही शिकायतें
विनय नगर सेक्टर-3 के कई क्षेत्रों के उपभोक्ताओं ने बिल नहीं आने की शिकायत बिजली कंपनी की हेल्पलाइन पर दर्ज कराई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर बिल नहीं मिलने से उन्हें यह पता ही नहीं चल पा रहा कि उनकी वास्तविक खपत कितनी है और कितना भुगतान करना है। वहीं एक साथ अधिक राशि का बिल आने पर घरेलू बजट भी प्रभावित होगा।

