पुरानी भाजपा और नई भाजपा के बीच की सियासी खींचतान, ज्योतिरादित्य सिंधिया को विधायक की कड़ी नसीहत
गुना. गुना- शिवपुरी संसदीय क्षेत्र में ‘पुरानी भाजपा’ और ‘नई भाजपा’ के बीच की सियासी खींचतान अब खुलकर सड़कों पर आ गई है। लोकसभा चुनाव जीतने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ गुना के बीजेपी नेता मुखर हो रहे हैं। विशेष रूप से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने बगावती तेवर अख्तियार कर लिए हैं। वे क्षेत्रीय सांसद व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के तीन दिवसीय गुना प्रवास के दौरान गायब रहे। भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने अब उनपर बड़ा राजनीतिक तंज कस दिया है। विधायक ने कहा, महाराज को चुगलखोरों और चापलूसों से सावधान रहना चाहिए। वे अब चापलूसों के चंगुल में फंस रहे हैं, तो हम उन्हें कहां तक बचाएंगे।
पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं
ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे से दूर रहने और विधायक पन्नालाल शाक्य के इस तीखे राजनीतिक बाणों से गुना भाजपा की स्थिति साफ नजर आ रही है। स्पष्ट है कि पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। बता दें, विधायक पन्नालाल शाक्य को अपने विवादित बयानों के चलते हाल ही में संगठन ने तलब भी किया था। पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना आए थे। इस दौरान संगठन को मजबूती देने के लिए समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक भी हुई। लेकिन स्थानीय भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य न तो किसी सरकारी कार्यक्रम में दिखे और न ही संगठन की बैठक में शामिल हुए।
भाजपा में कलह
बीजेपी की इस अंदरूनी कलह को छिपाने के लिए शुरुआत में विधायक ने भोपाल की बैठकों में व्यस्त होने का बहाना बनाया था। बाद में उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा, घर की परिस्थितियों को निपटाना भी जरूरी है। नेताओं और मंत्रियों के पीछे ही घूमते रहेंगे, तो काम कैसे चलेगा। बेटियों की शादी करनी है, ऐसे घूमता रहा तो बहुत पिछड़ जाऊंगा।

