व्यापमं ने एक पीढ़ी को निगला, 31 जुलाई को कांग्रेस सीएम का करेगी घेराव-प्रवीण पाठक
भोपाल. पूर्व विधायक और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य प्रवीण पाठक ने गुरूवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय से पत्रकारों से चर्चा करते हुए मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार और सीएम डॉ. मोहन यादव पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया है कि पिछले 20-22 वर्षो में बीजेपी सरकार ने मध्यप्रदेश की पहचान एक गौरवशाली राज्य के बजाय ‘‘भ्रष्टाचार की कार्यशाला’’ के रूप में बना दी है। उन्होंने कहा हैकि व्यापमं घोटाले से शुरू हुआ भ्रष्टाचार आज पूरे देश में पेपरलीक और परीक्षा घोटालों के रूप में फैल चुका है।
मध्यप्रदेश करप्शन की कार्यशाला बना
प्रवीण पाठक ने कहा है कि मध्यप्रदेश केवल आरएसएस की कार्यशाला नही, बल्कि भ्रष्टाचार की भी कार्यशाला बन गया है। जिस प्रकार देश का युवा आज नीट सहित विभिन्न परीक्षाओं में पेपरलीक और भ्रष्टाचार का दंश झेल रहा है उसकी शुरूआत मध्यप्रदेश के व्यापमं घोटाले से हुई थी। इस घोटाले ने प्रदेश की पूरी पीढी का भविष्य बर्बाद कर दिया और बाद में इसका स्वरूप पूरे देश में फैल गया है।
15 जुलाई को सीएम हाउस घेरेगी कांग्रेस
प्रवीण पाठक ने बताया कि दो दिन पहले हुई मध्य प्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में वीर भारत न्यास को एक रुपए में करोड़ों रुपए की जमीन दिए जाने और मुख्यमंत्री के परिवार द्वारा जमीन खरीद के मामले को प्रमुखता से उठाने का फैसला लिया गया है।
प्रवीण पाठक ने कहा कि कांग्रेस अब इन मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाएगी। इसके तहत उज्जैन से अयोध्या तक कथित लूट के मुद्दे पर संभाग स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएंगी। एक ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा, जहां आम लोग भ्रष्टाचार से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्य अपलोड कर सकेंगे। 15 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा, जबकि 20 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में नेता प्रतिपक्ष सरकार और मुख्यमंत्री से सीधे जवाब मांगेंगे। मुख्यमंत्री जहां-जहां दौरे पर जाएंगे, वहां संबंधित जिला कांग्रेस कमेटियां उनसे सवाल पूछेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कार्रवाई नहीं की तो उज्जैन में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस ने इस पूरे मामले में सरकार से श्वेत पत्र जारी करने तथा सर्वोच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र जांच समिति गठित करने की मांग भी की।

