तिघरा में घटता जलस्तर -1 जुलाई से एक दिन छोड़कर मिलेगा पानी, एमआईसी का इंतजार

ग्वालियर. शहर में दिनों-दिन घटते जलस्तर की वजह से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। शहर का पानी की आपूर्ति करने वाले तिघरा जलाशय में जलस्तर तेजी से घट रहा है। इन हालात को देखते हुए नगरनिगम के पीएचई विभाग ने 1 जुलाई से शहर में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई करने की तैयारी की है। हालांकि इस व्यवस्था का लागू करने से पहले नगरनिगम का मेयर इन काउंसिल (एमआइसी) की अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। अधिकारियों ने प्रस्ताव स्वीकृति के लिये भेज दिया है।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक तिघरा जलाशय में इस वक्त करीब 38प्रतिशत पानी ही शेष बचा है। यदि वर्तमान की तरह प्रतिदिन जलापूर्ति जारी रही तो जुलाई के अंत तक जलाशय का जलस्तर गंभीर स्थिति में पहुंच सकता है। इससे शहर के लाखों लोगों को पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है। इसी आशंका को देखते हुए जल संरक्षण के उद्देश्य से यह वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की गयी है।
अधिकारियों का कहना है कि यदि एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई शुरू की जाती है, तो उपलब्ध पानी का उपयोग अधिक समय तक किया जा सकेगा। इससे जलाशय का पानी लगभग 2 अगस्त तक चलने की संभावना है। इस बीच यदि अच्छी बारिश होती है और तिघरा जलाशय में पर्याप्त जलभराव हो जाता है, तो स्थिति सामान्य हो सकती है। हालांकि, यदि मानसून कमजोर रहता है, तो आने वाले दिनों में संकट और गहरा सकता है।

