Newsमप्र छत्तीसगढ़

अगर शेड्यूल के हिसाब से काम नहीं हुआ तो उन पर दर्ज कराई जाएगी FIR

ग्वालियर 01 जून 2026 – स्वर्णरेखा नदी में बनाई जा रही एलिवेटेड रोड निर्माण के कारण डाली गई मिट्टी को हटाने एवं क्षतिग्रस्त सीवर लाइन व चैम्बर को ठीक करने के कार्य का नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने निरीक्षण किया। इसके साथ ही स्वर्णरेखा नदी में एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के दौरान डैमेज हुए सीवर चैंबर एवं लाइन को देखा। नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने अधिकारियों को धीमी गति से कार्य करने पर नाराजगी जताई साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी के अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि अगर शेड्यूल के हिसाब से काम नहीं हुआ तो उन पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण यंत्री श्री एसएल बाथम, कार्यपालन यंत्री श्री शिशिर श्रीवास्तव, पीडब्ल्यूडी सेतु संभाग कार्यपालन यंत्री श्री जोगेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वर्णरेखा नदी में एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के दौरान काफी मिट्टी नदी में एकत्रित है। इस मिट्टी को हटाने का कार्य निर्माणाधीन एजेंसी कर रही है। नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने पूर्व में मिट्टी हटाने के निर्देश दिए थे, इस दौरान एजेंसी ने निगमायुक्त को शेड्यूल बनाकर कार्य करने का आश्वासन दिया था। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय को शेड्यूल के हिसाब से कार्य नहीं मिला। इसके चलते निगमायुक्त ने निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए नया शेड्यूल बनाकर देने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं लगातार आपके द्वारा दिए गए शेड्यूल के हिसाब से कार्य को क्रॉस चेक कराउंगा। अगर काम में जरा भी लापरवाही मिली तो आपके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
हनुमान बांध से छप्पर वाला पुल तक किया निरीक्षण
नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने आज सुबह 7 बजे से निरीक्षण प्रारंभ किया। हनुमान बांध से प्रारंभ हुआ निरीक्षण तारागंज पुल, जीवाजीगंज पुल होते हुए छप्पर वाले पुल पर खत्म हुआ। निगमायुक्त ने स्वर्णरेखा नदी के किनारे-किनारे चलते हुए प्रत्येक पाइंट का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गंदगी पर लगी फटकार
स्वर्णरेखा नदी पर निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय को गंदगी दिखी। निगमायुक्त ने इस पर संबंधित अधिकारी को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर कार्य में लापरवाही बरती तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *