श्मशान पर अतिक्रमण से मुक्ति के लिये चक्काजाम, दंबगों के कब्जे से भड़के ग्रामीण
ग्वालियर. विक्की फैक्ट्री तिराहे पर मंगीवार की दोपहर भीषण गर्मी के बीच उस वक्त तनाव की स्थिति बन गयी। जब कोठी गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि गांव के पारंपरिक मुक्तिधाम पर रसूखदार लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। जिसकी वजह से अंतिम संस्कार के लिये जगह नहीं बची थी। चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गयी और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जगह नहीं बची अंतिम संस्कार के लिये
विक्की फैक्ट्री के पास स्थित कोठी गांव निवासी 80 वर्षीय गणेशराम बघेल का निधन हो गया था। परिजन और ग्रामीण जब शव को अंतिम संस्कार के लिये मुक्तिधाम लेकर पहुंचे तो वहां अतिक्रमण की वजह से पर्याप्त जगह नहीं मिली। ग्रामीणों का कहना था कि इस समस्या की शिकायत पहले भी कई बार प्रशासन की जा चुकी है। लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई हे। इससे नाराज ग्रामीण शव को लेकर विक्की फैक्ट्री तिराहे पहुंचे औरमुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
अतिक्रमण हटाने के आश्वासन पर खत्म हुआ चक्काजाम
शव सड़क पर रखे होने और बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसडीएम अतुल सिंह ने ग्रामीणों से चर्चा कर आश्वासन दिया कि राजस्व और नगर निगम की संयुक्त टीम से जमीन का सीमांकन कराया जाएगा। साथ ही मुक्तिधाम की जमीन पर हुए अवैध कब्जे को हटाकर वहां बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जाएगा। प्रशासन से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। इसके बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

