बिजली कनेक्शन काटने पर मीटर रीडर से की गयी मारपीट, 2 गिरफ्तार 2 फरार
मुरैना. जीगनी गांव में मंगलवार को बिजली बिल को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि विद्युत विभाग के ऑफिस में घुसकर मीटर रीडर के साथ मारपीट कर दी गयी है। घटना के बीच में आरोपियों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास भी कियाहै। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। विद्युत मंडल कार्यालय में आउटसोर्स कर्मचारी मीटर रीडर संजय जादौन ड्यूटी पर मौजूद रहे। उन्होंने दोपहर में गांव के ही निवासी लोकेन्द्रसिंह चौहान का बिजली कनेक्शन बकाया बिल रहते काट दिया। इस बीच दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी।
कार्यालय पहुंचकर जमकर पीटा
कनेक्शन कटने से नाराज लोकेंद्र चौहान बाद में कार्यालय पहुंचा और तुरंत कनेक्शन जोड़ने की मांग की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वह अपने बेटों भूरा और बिट्टू चौहान के साथ सहयोगी अंकुश नाई को लेकर पहुंचा। चारों ने मिलकर मीटर रीडर को कार्यालय से बाहर खींच लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की।
घटना के दौरान आरोपियों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। पुलिस ने चार लोगों पर शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और फायरिंग सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। एसडीओपी विजय भदौरिया ने बताया कि कार्रवाई करते हुए लोकेंद्र चौहान और अंकुश नाई को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।

