Newsमप्र छत्तीसगढ़

फिल्मी अंदाज में किया अपहरण, मुंह पर कपड़ा बांधकर मन्नत होटल से युवक को कार में डालकर ले गये, बेरहमी से पीटा

ग्वालियर. महाराजपुरा थाना इलाके में सोमवार की दोपहर सनसनीखेज घटना हुई है। डीडीनगर स्थित मन्नत होटल में खाना खाने आये एक युवक को बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया। आरोपी युवक के मुंह पर कपड़ा बांधकर उसे जबरदस्ती अपने साथ ले गये।लगभग एक घंटों तक उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और गंभीर हालत में युवक का अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खाना खाने गया था पीडि़त
पीडि़त गौरव उर्फ टिल्ली यादव सोमवार की दोपहर लगभग 2-2.30 बजे के बीच अपने दोस्तों के साथ मन्नत होटल पहुंचा था। इस बीच वहां कुछ युवक आये और गौरव से विवाद करने लगे। देखते-देखते ही विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी गौरव को जबरन खींचते हुए अपनी गाड़ी में डालकर ले गये।
गवाही पलटने का बना रहे थे दबाव
अस्पताल में भर्ती गौरव यादव ने पुलिस को बताया कि अपहरण करने वालों में हेमू, दिम्मू और विजय पंडित शामिल थे। गौरव का आरोप है कि ये लोग किसी पुराने मामले में उस पर गवाही पलटने का दबाव बना रहे थे। बात नहीं मानने पर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
बदमाशों ने करीब एक घंटे तक उसे बंधक बनाए रखा और जमकर मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। हालत बिगड़ने पर बदमाश उसे रास्ते में छोड़कर भाग निकले।घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस की एक टीम होटल पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान और भागने के रूट की पुष्टि हो सके। महाराजपुरा टीआई यशवंत गोयल ने बताया कि हमें युवक के साथ मारपीट और अपहरण की सूचना मिली थी। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उससे पहले ही बदमाश युवक को छोड़कर फरार हो गए थे। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। युवक और आरोपियों के बीच पुराना विवाद सामने आया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
इलाके में बना दहशत का माहौल
दिनदहाड़े होटल के अन्दर से हुए इस अपहरण के बाद इलाके के व्यापारियों और लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने बतायाकि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *