दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कैमरे का एक्सेस पाकिस्तान में था, जासूसी कांड में चौकाने वाला खुलासा, 22 आरोपियों की गिरफ्तारी
गाजियाबाद . पाकिस्तान के लिये जासूसी करने वाले नेटवर्क पर कार्यवाही करते हुए गाजियाबाद पुलिस ने फरीदाबाद से नौशाद अली उर्फ लालू को हिरासत में लिया है। नौशाद गांव नचौली में एक पेट्रोल पम्प पर पिछले 3 माह से पंचर बनाने की दुकान चला रहा था। पुलिस के अनुसार वह इसी दुकानकी आड़ में जासूसी गतिविधियों का अंजाम दे रहा था। इस मामले में गैंग के सरगना सुहेल सहित अभी तक 22 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने नौशाद क अलावा मथुरा निवासी एक महिला और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि सुहेल ने ही इस नेटवर्क से जोड़ा था। जांच में सामने आया है कि यह गैंग रेलवे स्टेशनों और सुरक्षा बलों के ठिकानों की फोटो और वीडियो बनाकर व्हाट्सऐप गु्रुप के माध्यम से पाकिस्तान भेजता था। इसके बदले में उसे हर फोटो के लिये 4-6 हजार रूपये तक मिलते थे। सबसे चौंकाने वालीबात यह सामने आयी है कि इस गैंग ने दिल्ली और हरियाणा के कई रेलवे स्टेशनों पर कैमरे लगा रहे थे। इन कैमरों की लाइव स्ट्रीमिंग का एक्सेस पाकिस्तान में मौजूद लोगों के पास था, जो कि सीधे इन संवेदनशील स्थानों की निगरानी कर रहे थे।
प्लानिंग थी 50 सोलर कैमरे लगाने की
पुलिस के मुताबिक गैंग देश में लगभग 50 सोलर कैमरे लगाने की प्लानिंग पर काम कर रहा था। कुछ जगहों पर कैमरे लगाये भी जा चुके थे। दिल्ली और सोनीपत में लगे कैमरों को बरामद कर लिया गया है उन्हें फोरेंसिक जांच के लिये भेजा जा रहा है। जांच के दौरान यह भी पता चला है कि नौशाद मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का निवासी है। उसे कोलकाता से बुलाकर फरीदाबादमें यह दुकान खुलवाई गयी थी। फिलहाल गाजियाबाद पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस जासूसी रैकेट के तार और किन-किन जगहों से जुड़े हैं।

