MP में कर्मचारियों के महंगाई भत्ते पर बड़ा अपडेट, 3 प्रतिशत बढ़ोत्तरी को मिल सकती है मंजूरी
भोपाल. एमपी में सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों को आज बड़ी सौगात मिल सकती है। राज्य कैबिनेट आज महंगाई भत्ते में बढ़ोत्तरी को मंजूरी दे सकती है। सीएम मोहन यादव ने होली के मौके पर प्रदेश के कर्मचारियों, अधिकारियों के लिए महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत बढ़ोत्तरी का ऐलान किया था। मंगलवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में महंगाई भत्ता बढ़ाने के इस प्रस्ताव को सरकार हरी झंडी दे सकती है। बैठक में करीब एक दर्जन अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
महंगाई भत्ता देने संबंधी प्रस्ताव को मिल सकती है मंजूरी
कैबिनेट की बैठक में कई अन्य विकास कार्यों को भी गति मिल सकती है। खास बात यह है कि प्रदेशभर के सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनर्स के लिए यह बैठक बेहद अहम साबित हो सकती है। इसमें राज्य सरकार के कर्मचारी व पेंशनरों को महंगाई भत्ता देने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होली पर कर्मचारियों व पेंशनरों को देय महंगाई भत्ता में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। वित्त विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सीएम की घोषणा के पालन में प्रस्ताव को कैबिनेट बैठक में लाया जाना है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही राज्य सरकार के कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनर्स को इसका विधिवत लाभ मिलेगा।

