मुख्यमंत्री द्वारा कूनो नदी में छोड़े गए घड़ियाल और कछुए
श्योपुर, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कूनो नेशनल पार्क स्थित कूनो नदी में घड़ियाल और कछुओ को रिलीज किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्यावरण एवं पर्यटन की दृष्टि से यह एक महत्वपूर्ण अवसर हैं, मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। इस वर्ष मध्यप्रदेश आने वाले सैलानियों की संख्या में वृष्टि हुई है।
राष्ट्रीय चम्बल अभयारण्य के तत्वाधान में आयोजित घड़ियाल रिलीज कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि घड़ियाल और कछुओ का संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है, विलुप्त होते जीवों के संरक्षण के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश की सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में माननीय प्रधानमंत्री जी की पहल पर शुरू हुआ चीता प्रोजेक्ट निरंतर सफलता की ओर आगे बढ़ रहा है। गत दिवस ही बोत्सवाना से आए 9 चीतों को रिलीज किया गया है, जिससे प्रदेश में चीतों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है। कूनो नेशनल पार्क के भीतर पालपुर फोर्ट के सामने कूनो नदी किनारे आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री द्वारा 53 घड़ियाल और 25 कछुए नदी में छोड़े गए, गेवेलियस गैंगेटिक्स नाम के छोड़े गए 53 घड़ियालो में 28 नर एवं 25 मादाएं शामिल हैं। इसी प्रकार छोड़े गए 25 कछुए थ्रीे स्ट्रिप्ड रूफ टार्टल प्रजाति के हैं, जिनका वैज्ञानिक नाम वाटागुरु डोगोका है। इस अवसर पर राष्ट्रीय चम्बल अभयारण्य देवरी मुरैना की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। घड़ियाल रिलीज कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहे और उन्होंने भी घड़ियाल रिलीज किए।

