Newsमप्र छत्तीसगढ़

रमौआ क्षेत्र में स्थित बेशकीमती सरकारी जमीन से हटाए अतिक्रमण 

ग्वालियर – शासकीय जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इस कड़ी में कलेक्टर – रुचिका चौहान के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम झांसी रोड -अतुल सिंह ने संयुक्त टीम ने शहर से सटे रमौआ ग्राम में स्थित बेशकीमती 25 हजार वर्ग फीट जमीन से मशीनों की मदद से बेजा कब्जे हटवाए। अतिक्रमण से मुक्त कराई गई इस सरकारी जमीन की कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए आंकी गई है।
एसडीएम झांसी रोड ने बताया कि ग्राम रमौआ के अंतर्गत स्थित सर्वे क्रमांक-101 की 25 हजार वर्ग फीट सरकारी जमीन पर कॉस्मो इन्फ्राटेक के पार्टनर अरविंद अग्रवाल व जयदीप अग्रवाल द्वारा अवैध रूप से 40 फीट चौड़ी आरसीसी रोड बना ली गई थी। तहसीलदार सिटी सेंटर द्वारा इस सरकारी जमीन से बेजा कब्जा हटाने के लिये पूर्व में बेदखली आदेश जारी किया गया था। इस आदेश का पालन कराने के लिये मंगलवार को राजस्व, पुलिस व नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची और मशीनों की मदद से अवैध निर्माण ध्वस्त कराए गए।
इस कार्रवाई में तहसीलदार सिटी सेंटर कुलदीप दुबे, राजस्व निरीक्षक सतेंद्र भदौरिया व रवि करैया सहित संबंधित पुलिस अधिकारी व नगर निगम का मदाखलत दस्ता शामिल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *