LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

ग्वालियर-भिंड हाईवे टोल पर फायरिंग कर भागे युवक

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर-भिंड हाईवे पर स्थित बरैठा टोल प्लाजा पर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो युवकों ने टोल बूथ पर पिस्टल से फायरिंग की। फिर धमकी भरी चिट्ठी फेंककर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, बदमाश सिक्स लेन सड़क बनाने की मांग को लेकर टोल प्लाजा पहुंचे थे। चिट्ठी में उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा है कि सरकार अंधी हो चुकी है और आकाश जैसा अब कोई नहीं मरेगा। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बदमाश बाइक से उतरकर सीधे टोल प्लाजा की तरफ गया।
बदमाशों ने लिखा हाईवे बनाओ या टोल हटाओ
युवकों ने चिट्ठी में लिखा है हाईवे बनाओ या टोल हटाओ। आकाश भदौरिया जैसा अब कोई नहीं मरेगा। बदमाशों ने नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि चाहे उन्हें अपने फ्लैट बेचने पड़े, लेकिन ग्वालियर-भिंड हाईवे का काम तुरंत शुरू होना चाहिए। चिट्ठी में धमकी दी गई है कि अगर सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ तो इससे भी बड़ा कदम उठाया जाएगा। अंत में लिखा सरकार अंधी हो चुकी है।

बदमाश ने एक के बाद एक कई फायर किए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टोल प्लाजा के सभी सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए गए हैं। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर बाइक सवार बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वह धमकी भरी चिट्‌ठी जो बाइक सवार टोल प्लाजा पर फेंक गए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *