LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

ग्वालियर में अलसुबह हुई हल्की बारिश, वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बढ़ी ठंड

ग्वालियर. मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। देर रात चली बर्फीली हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, अलसुबह हल्की बारिश हुई, जिससे ठंडक में और इजाफा हुआ है। सुबह के समय हल्की धुंध ने दृश्यता कम कर दी, जिसके चलते वाहनों को लाइटें जलाकर चलाना पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह परिवर्तन वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण हो रहा है।


तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
रविवार को ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि ग्वालियर-चंबल और मालवा अंचल में पश्चिमी विक्षोभ और टर्फ लाइन के नजदीक पहुंची नमी के कारण बादल छाए रहे। इसी वजह से आगे भी बारिश की संभावना बनी हुई है। ठंड बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, खासकर सुबह जल्दी घर से निकलने वालों को।
कोहरे के कारण ट्रेनें 2 से 3 घंटे लेट चल रहीं
धुंध और कोहरे का असर आवागमन पर भी देखा जा रहा है। कोहरे के कारण रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। बसें और ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। ट्रेनों की बात करें तो अधिकांश ट्रेनें 2 से 3 घंटे की देरी से पहुंच रही हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों को भी कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *