दिवाली पर गैस चेंबर बनी दिल्ली, AQI 500 पार
नई दिल्ली. दिवाली के मौके पर दिल्ली की हवा जहरीली हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी पूरी तरह से गैस के चेंबर में तब्दील हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिवाली पर दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब और गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। शहर के निगरानी स्टेशनों में से 34 ने एक्यूआई लेवल को खतरनाक दर्ज किया। सीपीसीबी के डेटा के अनुसार दिल्ली का एक्यूआई लेवल 531 पर पहुंच गया। नरेला इलाके में एक्यूआई का स्तर सबसे अधिक 551 दर्ज किया गया। अशोक विहार में भी वायु गुणवत्ता 493 रही। आनंद विहार का एक्यूआई दर्ज किया गया। नोएडा में एक्यूआई 369 और गाजियाबाद में 402 रहा जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।
स्मॉग और धुंध की स्थिति रहेगी बरकरार
दिल्ली और एनसीआर में मौसम की स्थिति पर्यावरण के लिए प्रतिकूल बनी हुई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, धीमी हवाओं के कारण स्मॉग और धुंध की स्थिति बरकरार रहेगी। सुबह के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से 5 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाएं और रात तक 8 किमी/घंटा से कम गति प्रदूषण कणों को सतह पर रोक रही हैं, जिससे वायु गुणवत्ता खराब हो रही है।
अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस बने रहने की संभावना
दिल्ली में अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री अधिक और अधिकतम तापमान सामान्य के करीब है। सुबह आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि धीमी हवाओं के चलते प्रदूषण से राहत की उम्मीद नहीं है, जिससे स्वास्थ्य जोखिम बढ़ रहे हैं।

