पोषण माह के तहत संभागीय कार्यशाला में स्थानीय खाद्यान्नों से पौष्टिक व्यंजन पर चित्रकला प्रतियोगिता भी हुई 

ग्वालियर – राष्ट्रीय पोषण माह के तहत ग्वालियर जिला सहित पूरे संभाग में पोषण पर केन्द्रित  गतिविधियाँ जारी हैं। इसी कड़ी मंगलवार को बाल भवन में संभाग स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग के संभागीय कार्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में स्थानीय खाद्यान्नों से लजीज एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार करने पर  प्रतियोगिता हुई। साथ ही बच्चों का अन्नप्राशन कराया। इस अवसर पर पोषण आहार पर केन्द्रित नाटक का मंचन हुआ। साथ ही कार्यशाला में भाग लेने आईं महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। कार्यशाला के आरंभ में खासतौर पर 6 माह तक के बच्चों को ऊपरी आहार प्रारंभ करने के लिए अन्नप्राशन का कार्यक्रम कराया गया।
संभागीय संयुक्त संचालक महिला बाल विकास सीमा शर्मा ने पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज और देश के निर्माण में स्वस्थ जनसंख्या का होना बहुत महत्वपूर्ण है। आज की तेज जीवन शैली में हमें सभी को पोषण और अच्छे पोषण पर विशेष ध्यान देना है। परिवार में विशेष कर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य में परिवार के पुरुषों की भागीदारी बढ़ाया जाना जरूरी है। पुरुषों की जितनी सहभागिता होगी उतनी ही समाज के पोषण स्तर में वृद्धि होगी।
वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रीता मिश्रा द्वारा दैनिक जीवन में हरी सब्जियों और दालों के महत्व को बारे में जानकारी दी। उन्होंने घरों में किचन गार्डन बनाने की बारीकियाँ बताईं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपाली माथुर ने महिलाओं और किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य के स्तर में सुधार के लिए एनीमिया कंट्रोल प्रोग्राम की जानकारी दी । –
स्थानीय खाद्यान्न से तैयार पोष्टिक व्यंजनों पर हुई प्रतियोगिता
बाल भवन में आयोजित हुई कार्यशाला के अवसर पर पाँच महाविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा पोषण आहार विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता मे प्रथम स्थान पर अनस खान, द्वितीय स्थान पर प्रियांशु कुमार और तृतीय स्थान पर अन्वेष सोनी रहे। विजयी विद्यार्थियों को शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *