MP में 50 से ज्यादा जगहों पर उड़ेंगे विमान और हेलीकॉप्टर, छोटे शहरों में भी मिलेगी हवाई सेवा
भोपाल. मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं का जबर्दस्त विस्तार किया जा रहा है। अभी यहां 8 एयरपोर्ट और 230 हेलीपैड हैं। भविष्य की दृष्टि से इन्हें और बढ़ाया जा रहा है। भोपाल में ट्रैवल मार्ट 2025 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में 3 विभिन्न सेक्टर्स में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर रहे हैं। इससे बड़े शहरों के साथ छोटे शहरों और टूरिस्ट स्पॉटों में भी हवाई सेवा मिल सकेगी। कम समय में अधिकतम स्थानों पर पहुंचने के लिए बनाई योजना से प्रदेश के चार दर्जन से ज्यादा जगहों पर विमान और हेलीकॉप्टर उड़ सकेंगे।
सीएम मोहन यादव ने राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में शनिवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी प्रमुख तीर्थ स्थलों, बड़े मंदिरों, राष्ट्रीय उद्यानों व अन्य टूरिस्ट स्थलों को हवाई सेवा से जोड़ा जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रादेशिक हेलीकॉप्टर सेवा शुरु की गई है।
सीएम मोहन यादव के मुताबिक सेक्टर-1 में मेसर्स ट्रेंस भारत एविनेशन हवाई सेवा संचालित करेगी। इसमें अलीराजपुर, भोपाल, बुरहानपुर, बड़वानी, इंदौर, ओंकारेश्वर, मांडू, महेश्वर, गांधीसागर, मंदसौर, नीमच, हनुवंतिया, खंडवा, खरगोन, रतलाम, झाबुआ, नलखेड़ा, जबलपुर, उज्जैन के लिए हवाई सफर की सुविधा मिलेगी।
