15 अक्टूबर तक ट्रेनों की आवाजाही ठप
भोपाल. भारतीय रेलवे के रतलाम मंडल में आने वाले उज्जैन जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बीते दिन सन्नाटा पसरा रहा। जानकारी के लिए बता दें कि यार्ड रिमॉडलिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 15 अक्टूबर तक ट्रेनों की आवाजाही लगभग ठप रहेगी। दीपावली से पहले यह बड़ा बदलाव यात्रियों की यात्रा योजनाओं को प्रभावित कर रहा है। रेलवे यार्ड में आधुनिकीकरण के तहत रिमॉडलिंग कार्य चल रहा है। इसी कारण कई ट्रेनों को निरस्त किया गया है और दर्जनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।
ट्रेनों की आवाजाही पर रोक
स्टेशन पर 15 अक्टूबर तक ट्रेन संचालन न के बराबर रहेगा। दीपावली पर घरों को लौटने वालों की भीड़ के बीच अचानक हुए इस ब्लॉक से हजारों यात्री प्रभावित हो रहे हैं। रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीना ने बताया कि ब्लॉक और नॉन-इंटरलॉकिंग के चलते ट्रेनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। यात्रियों को यात्रा से पहले रेलवे की वेबसाइट, एनटीईएस ऐप या हेल्पलाइन पर गाड़ियों की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।
