EV पॉलिसी लागू, कितने चार्जिंग स्टेशन हैं और वे कहां पर हैं मिलेगी जानकारी
भोपाल. मध्य प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ईवी पॉलिसी लागू हुए 6 महीने बीत चुके हैं लेकिन इसके क्रियान्वयन के लिए बनाए जाने वाला एमपी ईवी तरंग पोर्टल अभी तक नहीं बन पाया है। इससे प्रदेश में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित नहीं हो पा रहा है। इसके साथ पॉलिसी में तय रेट्रोफिटिंग सहित अन्य काम भी अटक रहे हैं। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के आवेदन और उसके लिए पॉलिसी में तय इंसेंटिव आदि क्रियाकलाप इस पोर्टल के माध्यम से ही किए जाने हैं। अभी तक ईवी वाहनों की खरीदी पर केवल रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन शुल्क में छूट का ही लाभ मिल पा रहा है।
मध्यप्रदेश में ईवी पॉलिसी-2025 को 27 मार्च को लागू किया गया है। इसके बाद उसकी गाइडलाइन भी जारी हो गई है। लेकिन अभी तक ईवी तरंग पोर्टल नहीं बन पाया है। इससे नागरिकों को यह जानकारी ही नहीं मिल पा रही है कि प्रदेश में कितने चार्जिंग स्टेशन हैं और वे कहां पर हैं। इसके लिए गूगल आदि का सहारा लेना पड़ रहा है लेकिन कई बार यह जानकारी पूरी तरह गलत भी निकल जाती है।
