ग्वालियर-मुरैना समेत 16 जिलों में आज धमाकेदार बारिश का अलर्ट
ग्वालियर. प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर जारी है। आज भी कई जिलों में पानी गिरने के अलर्ट जारी किए गए। प्रदेश में ग्वालियर-मुरैना समेत 16 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक चक्रवात बना हुआ है जिसके चलते कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। रविवार को उज्जैन संभाग के नीमच और मंदसौर में अति भारी बारिश होने की संभावना है। यहां साढे 8 इंच तक पानी गिर सकता है। वहीं ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, राजगढ, आगर-मालवा, रतलाम, झाबुला, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर और सिंगरौली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
24 घंटों का हाल
वहीं, बीते 24 घंटों के दौरान भी भोपाल, शिवपुरी, शाजापुर और डिंडोरी समेत 20 जिलों में पानी गिरा। ऐसा ही मौसम आज भी बने रहने की संभावना है। बताया जा रहा है कि, सीजन में अब तक औसत 34.2 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। ऐसे में 2.8 इंच बारिश और होने पर सीजन का कोटा फुल हो जाएगा। एमपी के गुना जिले में औसत 52 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। जबकि, अशोकनगर और मंडला में 50 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
