कांग्रेस मुख्यालय अंदर बैठक और बाहर विरोध प्रदर्शन, इंदौर के जिलाध्यक्ष को हटाने की मांग की, नये जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग चल रही थी

भोपाल. मध्यप्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त 71 जिलाध्यक्षों की दिल्ली में अहम ट्रेनिंग चल रही थी। इस मौके पर ऑलइंडिया कांग्रेस कमेटी के नये कार्यालय में हो रही इस वर्कशॉप को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संबोधित किया। उन्होंने जिलाध्यक्षों को पार्टी मजबूत करने की सीख दी। वर्कशॉप में जिलाध्यक्षों को 3 माह के अन्दर जिले और ब्लॉक स्तर पर टीम बनाने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी मार्गदर्शन दिया। पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कैडर मैनेजमेंट विषय पर नये जिला अध्यक्षों को टिप्स देंगे।
कांग्रेस मुख्यालय में बैठक, बाहर विरोध प्रदर्शन
16 अगस्त को मध्यप्रदेश कांग्रेस के सभी 71 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों की घोषणा हुई थी। कई जिलों में नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को लेकर हो रहा विरोध प्रदर्शन अब दिल्ली तक पहुंच गया है। रविवार एक तरफ जहां कांग्रेस मुख्यालय में नए जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग चलती रही, वहीं दूसरी ओर बाहर विरोध होता रहा। इधर, कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन भी हुआ। इंदौर ग्रामीण जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े की नियुक्ति को लेकर देपालपुर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं ने दफ्तर के बाहर विरोध किया और विपिन वानखेड़े को हटाने की मांग की। कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि इंदौर ग्रामीण जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े को हटाया जाए और उनकी जगह किसी स्थानीय नेता को मौका मिले। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप कि दूसरे जिले के नेता को इंदौर में अध्यक्ष बनाया गया है।
पहली ट्रेनिंग 9 घंटे चली
कांग्रेस जिलाध्यक्षों की पहली वर्कशॉप रविवार की सुबह 9.30 बजे से प्रारंभ हुई। सभी जिलाध्यक्षों को 9 बजे रिपोर्ट करने के लिये कहा गया था। शाम 7 बजे तक चलने वाली इस वर्कशॉप में जिलाध्यक्षों को संगठन सृजन अभियान की पूरी रूपरेखा से लेकर आगामी समय की चुनौतियों और चुनावी रणनीति के बारे में बताया जायेगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्षों ने समझा नये हेडर्क्वाटर का सिस्टम
शनिवार को दिल्ली में 9ए कोटला रोड स्थित ऑलइंडिया कांग्रेस कमेटी के नये हेड क्वार्टर में एमपी के सभी कांग्रेस जिलाध्यक्ष पहुंचे। यहां पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के साथ सभी जिलाध्यक्षों ने एआईसीसी कार्यालय का भ्रमण कर पूरी कार्यपद्धति को समझा। इसके बाद मप्र कांग्रेस के सभी जिलाध्यक्षों का हरीश चौधरी ने डिनर दिया।
