ऊर्जा मंत्री ने पूर्व सांसद की स्मृति में सिरोल स्थित आनंद पर्वत पर किया पौधरोपण
ग्वालियर पूर्व सांसद स्वर्गीय नारायण कृष्ण शेजवलकर की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए ग्वालियर की सर्वांगीण प्रगति के प्रति स्वर्गीय श्री शेजवलकर जी का समर्पण और सेवाभाव हम सभी को एक विकसित और आत्मनिर्भर ग्वालियर के निर्माण के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा। शनिवार सुबह सिटी सेन्टर स्थित नगर निगम मुख्यालय परिसर में स्थित स्वर्गीय नारायण कृष्ण शेजवलकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वर्गीय श्री शेजवलकर के सेवाभावी कार्यों को भी इस अवसर पर याद किया।
आनंद पर्वत पर किया पौधारोपण
पुष्पांजलि कार्यक्रम के बाद ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर ने सिरोल रोड स्थित आनंद पर्वत पहुंचकर पूर्व सांसद स्वर्गीय नारायण कृष्ण शेजवलकर की स्मृति को चिरस्थाई बनाए रखने हेतु आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया तथा पौधारोपण किया। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व सांसद स्वर्गीय नारायण कृष्ण शेजवलकर के सुपुत्र पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया सहित अन्य भाजपा नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी पौधरोपण किया।
