निगम, प्राधिकरण, मंण्डल और भाजपा कार्यकारिणी पर अंतिम दौर की चर्चा, संगठन महामंत्री हितानंद, हेमंत और मोहन के बीच हुई अहम बैठक, जिलों की टीम का ऐलान 30 अगस्त होगा
भोपाल. मध्यप्रदेश में लम्बे समय से राजनीतिक पुर्नवास के लिये दौड़भाग कर रहे नेताओं के लिये जल्द ही अच्छी खबर मिलने वाली है। राज्य के निगम, मंडल और बोर्डो में नियुक्तियों का लेकर चल रहा मंथन अंतिम दौर में है। सीएम हाउस में बुधवार की देरशाम सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगन महामंत्री हितानंद शर्मा के बीच संयुक्त बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई है।
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी का लेकर भी मंथन चल रहा है। एमपी के पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी पिछले हफ्ते घोषित हो चुकी है। इधर हिमाचल प्रदेश में भी प्रदेश की टीम का ऐलान हो चुका है। एमपी की भी टीम जल्द घोषित की जा सकती है। लम्बे समय से भाजपा संगठन में पदों पर काम कर रहे नेताओं के बजाय टीम हेमंत खंडेलवाल में नये चेहरों को मौका मिलेगा या फिर जो पर्दे के पीछे रहकर अहम काम करने वाले नेताओं को प्रदेश की टीम में जगह मिलेगी।
मंत्री दर्जा प्राप्त को संगठन में जगह नहीं
जिन नेताओं को निगम, मंडल या बोर्ड और प्राधिकरण में मंत्री का दर्जा देकर शामिल किया जायेगा। उन नेताओं को पार्टी के संगठन में पद नहीं दिये जायेंगे। यह कवायद एक व्यक्ति एक पद के फॉर्मूले का अमल में लाने के प्रयास होंगे।
निगम मंडलों के प्रभार ब्यूरोक्रेट्स के पास हैं
मप्र में 48 निगम, मंडल और प्राधिकरण हैं, जिनमें राजनीतिक नियुक्तियां की जाती हैं। अभी इनके चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन का प्रभार संबंधित विभाग के मंत्री, एसीएस या प्रमुख सचिवों के पास है। प्रदेश के पांच पूर्व मंत्री ऐसे हैं जिनका निगम मंडलों में अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है, इनमें कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए पूर्व वन मंत्री रामनिवास रावत, उमाशंकर गुप्ता, अरविंद भदौरिया, कमल पटेल और अंचल सोनकर के नाम शामिल हैं। वहीं विधायकों में यशपाल सिसौदिया, ध्रुव नारायण सिंह, केके त्रिपाठी, राकेश गिरी और दिलीप शेखावत के नामों पर भी विचार किया गया हैं। भाजपा में संगठन मंत्री के रूप में काम कर चुके शैलेंद्र बरुआ, विजय दुबे, आशुतोष तिवारी, श्याम महाजन, केशव भदौरिया और जयपाल चावड़ा भी निगम मंडल में पद के दावेदार हैं।
इन विषयों पर भी हुई चर्चा
मिट्टी के गणेश
पशुपालन में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा
सेवा सप्ताह
रक्तदान शिविर
चिकित्सा शिविर
