क्या शिवकुमार बनेंगे कर्नाटक के नए CM, अब दिल्ली पर टिकी सबकी निगाहें
कर्नाटक. सीएम सिद्धारमैया की कुर्सी पर खतरा मंडराने लगा है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में राहुल गांधी से कांग्रेस के दो बड़े नेता मिलने वाले हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार दिल्ली में राहुल से मिलेंगे।
कर्नाटक कांग्रेस के भीतर चल रहा कलह
दरअसल, कर्नाटक में बीते कई दिनों से कांग्रेस के भीतर कलह चल रहा है। इस बीच, दोनों बड़े नेताओं की राहुल से मुलाकात की खबर ने सियासी जगत में हलचल पैदा कर दी है। ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि कर्नाटक में कुछ बड़ा होना वाला है। सीएम सिद्धारमैया की सरकार गिर सकती है। उनकी कुर्सी पर शिवकुमार को बैठाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि दोनों नेता बुधवार को राहुल गांधी से मिल सकते हैं। शिवकुमार मंगलवार सुबह ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए। जानकारी के मुताबिक, वे केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से भी मुलाकात करेंगे।
शिवकुमार को सीएम बनाने की उठी मांग
इस बीच, आलाकमान के आदेश के बावजूद, कर्नाटक में कांग्रेस के नेता नेतृत्व के मुद्दे पर लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक सी.पी. योगेश्वर ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह उपमुख्यमंत्री शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी विधायक सीएम पद के लिए शिवकुमार का समर्थन कर रहे हैं और इस संबंध में कोई असहमति नहीं है। कर्नाटक के लोग भी यही चाहते हैं।

