बिजली के तार डालने पर की गयी गोलीबारी, अवैध रूप से जोड़ रहे थे कनेक्शन, बुजुर्ग को लगी गोली सहित 4 घायल
ग्वालियर. पुरानी छावनी इलाके के हीरानगर में बुधवार की रात बिजली का तार डालने को लेकर 2 पक्षों के बीच झड़प हो गयी। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष की तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गयी। गोली लगने से 70 वर्षीय एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गये। जबकि 3-4 लोग लाठी डण्डों से घायल हुए है। यह घटना रात लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। खबर मिलते ही पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
क्या है विवाद
हीरानगर निवासी 70 वर्षीय बृजमोहन भदौरिया के पास ही प्रताप सिंह का घर है। बताया गया है कि दो दिन पहले विद्युत विभाग ने प्रताप सिंह का बिजली कनेक्शन काट दिया था। बुधवार रात प्रताप सिंह के बेटे शिव प्रताप और अन्य परिजन बिजली के पोल से अवैध रूप से कनेक्शन जोड़ने की कोशिश कर रहे थे। इस पर बृजमोहन भदौरिया और उनके परिजनों ने विरोध किया। विरोध के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि शिव प्रताप की ओर से मनोज, रवि, पंकज, विक्कू जादौन, शिवम पवैया और शिव सिंह तोमर ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और फिर गोलीबारी शुरू कर दी। फायरिंग में बृजमोहन के पेट और बाजू में दो गोलियां लगीं। वहीं, अभय, राकेश और सुरेश नामक परिजनों को लाठी-डंडों से चोटें आई हैं। हंगामा और फायरिंग की सूचना मिलते ही पुरानी छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सिविल अस्पताल, हजीरा पहुंचाया। फिलहाल सभी का इलाज जारी है और पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
इन लोगों ने किया हमला
घायल अभय भदौरिया ने बताया कि हमलावरों में शिवप्रताप सिंह, मनोज सिंह, पंकज सिकरबार, रवि राठौर, बीकू जादौन, शिवम पवैया और शिवसिंह तोमर शामिल है। सभी हथियारों के लैस होकर आये थे। बिजली का तार डालने से रोकने पर हमला कर दिया। घटना के वक्त हीरानगर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हमलावरों द्वारा की गयी गोलीबारी से लोग भयभीत होगये और अपनी जान बचाने के लिये इधर-उधर छिप गये।

