ग्वालियर में केंद्रीय विद्यालय की अकाउंटेंट ने की आत्महत्या
ग्वालियर. हैरान करने वाला मामला सामने आया है, होली के दिन जहां शहर भर में खुशियां का माहौल था वहीं एक परिवार की सारी खुशियां मातम में बदल गई। जिले में होली पर अपने मायके आई नवविवाहिता ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला राजस्थान के केंद्रीय विद्यालय में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थी। पिछले महीने वैलेंटाइन डे के दिन ही महिला का विवाह भोपाल के धीरज चौरसिया से हुआ था। घटना के बाद मृतिका के परिजन ने ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए।
क्या है पूरा मामला
ये पूरा मामला माधौगंज थाना क्षेत्र के प्रीतमपुर कॉलोनी का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार दोपहर 25 वर्षीय नवविवाहिता अलका चौरसिया अपने कमरे में आराम करने गई थी। काफी देर तक जब वो बाहर नहीं आई तो परिजन उसे बुलाने कमरे के पास गए। परिजन ने जैसे ही दरवाजा खोलकर देखा तो अलका अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। मौके पर मौजूद लोग उसे तत्काल अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन का आरोप
वहीं इस पूरे मामले में मृतिका के परिजन का बयान सामने आया है। उन्होंने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। साथ ही ये भी बताया कि आत्महत्या करने से पहले फोन पर अलका का उसके पति धीरज से विवाद चल रहा था। फिलहाल माधौगंज पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
