शिवाय अपहरण केस के मास्टरमाइंड राहुल कंषाना ने किया सरेंडर
ग्वालियर. 6 साल के शिवाय गुप्ता के अपहरण मामले में फरार मुख्य आरोपी राहुल कंषाना ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया। मुरार थाना पुलिस ने उसे चार दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर मौका मुआयना कराया। वहां उससे पूछताछ की गई कि उसने अपने साथी के साथ शिवाय का अपहरण कैसे किया था। इस मामले के सभी आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके है।
घटना 13 फरवरी की सुबह 8 बजे की है। शक्कर कारोबारी राहुल गुप्ता के बेटे शिवाय का दो नकाबपोश बदमाशों ने बाइक से आकर अपहरण किया था। अपहरण से पहले बदमाशों ने शिवाय की मां की आंखों में मिर्ची डाल दी थी। पुलिस की सख्ती के बाद बदमाश उसी रात शिवाय को काजी बसई इलाके में छोड़कर भाग गए। पुलिस ने सबसे पहले मुरैना के माता बसैया इलाके से दो अपहरणकर्ता राहुल गुर्जर और बंटी गुर्जर को शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ा। चार दिन पहले मुख्य आरोपी भूरा गुर्जर और उसके भतीजे मोनू गुर्जर को गिरफ्तार किया गया। उसी दिन शाम को तिघरा इलाके से भोला गुर्जर को एनकाउंटर में पकड़ा। रविवार को महाराजपुरा से धम्मू उर्फ धर्मेंद्र गुर्जर को गिरफ्तार किया गया था।

