MP में किसानों को बड़ी सौगात, सिंचाई के लिए पंप देगी सरकार
भोपाल. मध्य प्रदेश में किसानों को बडी सौगात दी जा रही है, उन्हें सिंचाई के लिए राज्य सरकार पंप देगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह ऐलान किया। जैविक खेती को बढावा देने के लिए राजधानी भोपाल में आयोजित कार्यशाप में उन्होंने बताया कि प्रदेश में जैविक खेती करने वाले किसानों को सरकार सोलर पंप देगी। सीएम मोहन यादव ने जैविक और प्राकृतिक खेती की महत्ता भी बताई। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस बार 5 लाख एकड एरिया में जैविक खेती का लक्ष्य तय किया है। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि विकास और किसान कल्याण मंत्री एदल सिंह कंसाना ने कार्यशाला का उद्देश्य बताया। उन्होंने कहा कि रसायनों के उपयोग से किसानों और जीव जंतुओं में बढती बीमारियों पर रोकथाम पर चर्चा जरूरी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2 दिवसीय कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर “एक जिला, एक उत्पाद” प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। उन्होंने किसानों से भी बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यशाला स्थल पर जैविक खेती से जुड़े कई स्टॉल भी लगाए गए हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती में केमिकल का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल जीवन शैली को भी बिगाड़ रहा है। उन्होंने जैविक और प्राकृतिक खेती का बाजार प्रदेश में ही होने की बात कही।

