LatestNewsराज्य

ग्वालियर में दीपावली की धूम, घर-घर जले दीप, जमकर आतिशबाजी

ग्वालियर. गुरुवार को दीपावली मनाई गई है। दीपावली 31 अक्टूबर या 1 नवंबर की मनाई जाए, इसको लेकर उलझन थी, लेकिन शहर के सभी बड़े मंदिर, आश्रम और सरकारी दफ्तरों में गुरुवार (31 अक्टूबर) को ही दीपावली का त्योहार मनाया गया है। रात में रंग-बिरंगी रोशनियों और आतिशबाजी से शहर का आसमान जगमग हो गया है।
रात 8 बजे शहर के लोगों ने शुभ मुहूर्त में लक्ष्मी पूजन कर दीप जलाए, फिर बच्चों – बड़ों ने जमकर पटाखे चलाए। लोग एक – दूसरे को शुभकामनाएं देते नजर आए। पूरा शहर रंग बिरंगी रोशनी से नहाया नजर आ रहा है। हर तरफ सिर्फ रोशनी और खुशहाली है। दीपावली के दिन भी रात तक बाजारों में खरीदारी करने वाले नजर आए हैं।
दीपावली पर गुरुवार को सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। शहरवासी सुबह से ही लक्ष्मीजी के पूजन के लिए अपनी दुकानों, मकानों की सफाई करते देखे गए। सुबह से ही शहर में ठेले वाले अशोक के पत्ते, माला आदि लेकर खड़े हो गए थे। लोगों ने पत्ते, फूल आदि खरीदकर दुकानों, मकानों पर सजाए। लोगों ने अपनी दुकानों, मकानों और ऑफिसों में लक्ष्मी जी का पूजन पूरे विधि विधान से किया। शाम होते ही दीपावली की असली चमक नजर आई।
शुभ मुहूर्त में पूजन कर मनाई दीपावली
शहर के लोगों ने शुभ मुहूर्त में पूजन कर दीपावली का त्योहार मनाया है। पूजन के बाद परिवार में मिठाइयां बांटी गई और फिर आतिशबाजी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *