शाजापुर के मक्सी में दो पक्षों में हुआ पथराव और गोलीबारी, स्कूल बंद, पुलिस बल तैनात

शाजापुर. मक्सी में बुधवार की रात हुए 2 पक्षों में उपद्रव के बाद क्षेत्र में तनाव है। प्रशासन ने 28 सितम्बर तक इलाके में धारा 163 लगाई गयी है। यहां भीड़ जमा करने पर रोक रहेगी। दहशत में गुरूवार को बाजार नहीं खुले है। यहां 4 जिलों और उज्जैन संभाग का पुलिस बल तैनात है। अलसुबह से पुलिस सायरन बजाते हुए गश्त कर रही है। बस स्टैण्ड भी खाली है। स्कूलों की छुट्टी कर दी गयी है।
छरअसल, मक्सी के बल्डी मोहल्ले में बुधवार की रात 2 गुट आमने-सामने होने झगड़ गये। इस बीच पथराव और फायरिंग में एक युवक की मौत हो गयी। 7 लोग घायल हुए है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने पत्थर फेंके। विवाद के बाद देर रात उज्जैन कमिश्नर और आईजी मक्सी पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने शाजापुर कलेक्टर और एसपी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीव फुटेज और विवाद के वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के लिये निर्देश दिये गये। इस उपद्रव में अमजद खान 40, नाम के शख्स की मौत हो गयी है। आज पोस्टमार्टम कर अमजद का शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने आईजी से की बात
जनकारी के अनुसार भीड़ को तितर-बितर करने के लिये मक्सी पुलिस को कई राउंड फायर करना पड़े। स्थिति को नियंत्रण में करने के बाद शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। एसडीएम ने मक्सी में भीड़ जमा होने पर सोशल मीडिया पर भड़काऊ मैसेजेस पर नजर रखने के निर्देश दिये हैं। सीएम मोहन यादव ने घटना के संबंध में दिल्ली से फोन पर उज्जैन आईजी संतोष कुमार और संभागयुक्त से जानकारी ली है।
पथराव में ये हुए घायल
उपद्रव में घायल हुए 8 लोगों को जिला अस्पताल लाया गया था, जिसमें से एक की मौत हो गई। बाकी 7 घायलों को इंदौर रेफर किया गया है।
1. अरजान (14) पिता आरिफ
2. जुनैद खान (45) पिता साबिर खान
3. इकबाल खान (48) पिता मुस्तफिर
4. अहूजर (24) पिता साबिर
5. अल्ताफ (26) पिता साजिद
6. अरबाज पिता शकील
7. रेहान (15) पिता इरशाद
यहां से हुई विवाद की शुरुआत
बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात शहर के बाल्डी मोहल्ले में समीर मेव नाम के युवक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इसकी सूचना पर नगर परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि महेंद्र सिंह पटेल अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान वहां तनाव का माहौल बन गया था। दोनों पक्ष के लोग बड़ी संख्या में थाने पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने शिकायत पर मारपीट के आरोपियों पर केस दर्ज किया था। मंगलवार को आरोपी पक्ष के लोग शाजापुर में एसपी ऑफिस पहुंच गए और पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया। बुधवार रात को हुआ विवाद भी इसी से जुड़ा बताया जा रहा है। विवाद कैसे शुरू हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
