सिंधिया से स्कूल शिक्षा मंत्री की शिकायत, मंत्री ने कहा था मेहमान बनकर आओगे, घर पर कब्जा करोगे क्या

ग्वालियर. नियमितिकरण क्यों होगा अतिथि शिक्षकों का नाम क्या है अतिथि। आप हमारे मेहमान बनकर आओगे तो घर पर कब्जा करोगे क्या। स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के इस बयान पर अतिथि शिक्षक नाराज हो गए हैं। प्रदेशभर में स्कूल शिक्षा मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। गुरुवार को ग्वालियर में अतिथि शिक्षकों ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से राव उदय प्रताप सिंह की शिकायत की। इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीएम मोहन यादव को इसी वक्त उनका इस्तीफा लेना चाहिए। अगर मोहन यादव इस्तीफा नहीं लेते हैं तो उन्हें प्रदेश के अतिथि शिक्षकों से माफी मांगना चाहिए।
सिंधिया से की स्कूल शिक्षा मंत्री की शिकायत
ग्वालियर में गुरुवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के महल जयविलास पैलेस के बाहर अतिथि शिक्षकों ने नारेबाजी की। उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की और कहा कि मंत्री ने आपत्तिजनक बयान दिया है। अतिथि शिक्षक संघ ने गुरुवार को पूरे प्रदेश में बीजेपी जिला अध्यक्षों, विधायकों को शिक्षा मंत्री जी के वक्तव्य के विरोध में ज्ञापन दिए। अतिथि शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि अगर जरूरत पड़ी तो स्कूलों को छोड़कर सड़कों पर उतरेंगे। यह सरकार में बैठे हुए लोगों के लिए चेतावनी भी है। आप स्वतंत्र है शिक्षा मंत्री जी और हम भी। अब बात स्वाभिमान की है।
पटवारी बोले सरकार की व्यवस्था में कमियां
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- मेहमान बनकर अतिथि शिक्षक नहीं आए, आपकी व्यवस्था में कमियां थीं इसलिए अतिथि शिक्षक बनकर उन्हें बच्चों को शिक्षा देनी पड़ रही है। अगर आप व्यवस्थित इनको नियमित करते, उनकी लगातार नियुक्तियां होतीं तो नियमित स्कूल जैसे चलते हैं, उनमें शिक्षकों की भर्ती होती। पटवारी ने कहा- यदि अतिथि शिक्षकों के साथ न्याय नहीं होगा तो मैं सड़क पर आ जाऊंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *