MP जिला अस्पतालों में भी आज से जन औषधि केंद्र, 2000 प्रकार की दवाएं 90% तक सस्ती मिलेंगी

भोपाल. जेपी अस्पताल भोपाल समेत प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में मंगलवार को प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की शुरूआत होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव सुबह 10 बजे राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर से औपचारिक रूप से इस पहल का शुभारंभ करेंगे। इसी के साथ स्वच्छता ही सेवा पखवाडा 2024 का भी आगाज किया जाएगा। प्रदेश में पहले से ही 500 से अधिक जन औषधि केंद्र संचालित हो रहे है जो शहर-ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित किए गए है।
इन केंद्रों से सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाती है। नए जन औषधि केंद्रों के शुरू होने के बाद मरीजों को 50% से 90% तक कम कीमत पर करीब 2000 प्रकार की दवाइयां और 300 प्रकार के सर्जिकल उपकरण मिल सकेंगे। इन केंद्रों का संचालन भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की मप्र राज्य शाखा करेगी।
51 हजार पीएम आवासों का गृह प्रवेश भी आज
इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत देशभर में 4 लाख नए घरों का गृह प्रवेश समारोह भी होगा। इनमें मध्य प्रदेश के 51 हजार आवास शामिल हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 का शुभारंभ भी इसी मौके पर किया जाएगा, साथ ही पीएम स्वनिधि योजना के तहत पीआरएआईएसई अवार्ड भी वितरित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *