कश्मीर में आतंक को पाताल में दफना देंगे, कांग्रेस ने अब्दुल्ला को देशद्रोही कहा है-अमित शाह
श्रीनगर. केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को जम्मू -कश्मीर के किश्तवाड़ में जनसभा की, अमित शाह ने कहा है कि मैं हैरान हूं कि सत्ता का लालच क्या-क्या कर सकता है।
उन्होंने कहा है कि जिस कांग्रेस पार्टी ने इस अब्दुल्ला परिवार को देशद्रोही कहा, आतंकवाद के लिये जिम्मेदार ठहराया और उमर अब्दुल्ला के दादा को सालों तक जेल में रखा ।आज मोदी जी के सामने जीतने के लिये राहुल और उमर अब्दुल्ला ईलू-ईलू कर रहे है। अमित शाह ने कहा है कि उमर अब्दुल्ला कहते हैं कि अफजल गुरू को फांसी नहीं देनी चाहिये। यही बताता है कि राहुल गांधी और उमर अब्दुल्ला की सरकार बनी तो क्या होगा।
‘‘जम्मू कश्मीर में फिर से गोलियां चलेंगी, पथराव होगा, आतंकियों के जनाजे निकलेंगे, ताजिया जुलूस बन्द हो जायेगा। सिनेमा हॉल बन्द हो जायेंगे। अमरनाथ यात्रा पर हमला होगा और जम्मू-कश्मीर में जो निवेश आ रहा है। इसकी जगह बेरोजगारी होगी।’’
जिनके मंसूबे आतंक फैलाने के, वे वापस चले जाएं
शाह ने कहा कि मैं आज यहां कहता हूं जिनके मंसूबे जम्मू-कश्मीर में आतंक फैलाने के हैं। उनके पास अभी भी समय है। वे वापस चले जाएं, नहीं तो भारतीय सेना और सुरक्षा बल यहां तैनात है। यहीं पर ठिकाने लगा दिए जाओगे। शाह ने कहा कि मोदी जी ने जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र को मजबूत किया। मैं पूछना चाहता हूं फारूक अब्दुल्ला से कि आपकी तीन पुश्तों ने राज किया, लेकिन जम्मू-कश्मीर के लोगों को 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज कभी मिला था? किश्तवाड़ में शाह की दूसरी रैली थी। इसके पहले उन्होंने आज ही पाड्डर के नागसेनी में जनसभा की थी। शाह की तीसरी रैली रामबन में होगी। जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर को विधानसभा चुनाव के पहले फेज की वोटिंग होगी। ऐसे में यह पहले फेज के लिए चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है।

