इंदौर में BMW कार से 2 युवतियों को मारी टक्कर, दोनों युवतियों की हुई मौत, भोपाल में कार ने युवक को 20 मीटर तक घसीटा, मौत

इन्दौर. भोपाल और इन्दौर में हिट एंड रन की 2 अलग-अलग घटना में 3 लोगों की मौत हो गयी है। इन्दौर में एक बीएमडब्ल्यू कार ने स्कूटर सवार 2 युवतियों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवतियों की मौत हो गयी है। वहीं भोपाल में चाय पीकर घर लौट रहे 2 दोस्तों को एक कार ने अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में एक युवक की जान चली गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप घायल हो गये।
दोनों ही घटनाओं में कार चालक फरार हो गये। इधर, पुलिस दोनों ही मामलों की जांच में जुट गयी है। आरोपियों को पकड़ने के लिये सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है।
इंदौर में सड़क के दूसरी ओर जा गिरी युवतियां
इंदौर के खजराना इलाके में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने स्कूटर से जा रही दो युवतियों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवतियां सड़क के दूसरी ओर जा गिरी। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी कार ने कुछ और लोगों को भी टक्कर मारी है। पुलिस मौके से सीसीटीवी फुटेज की तलाश कर रही है।खजराना पुलिस के मुताबिक मृतक लड़कियों के नाम दीक्षा पिता आशोक जादौन और लक्ष्मी पिता नाथूसिंह तोमर है। दोनों मेला देखकर लौट रही थी। हादसे के बाद राहगिर दोनों अलग-अलग निजी अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इनमें से मृतक लक्ष्मी शिवपुरी की रहने वाली थी। उसके पिता किसान है।
हाई स्पीड में थी कार, हादसे के बाद ड्राइवर भागा
पुलिस के मुताबिक राहगीर अनुराग ने उन्हें बताया कि नेवी ब्लू रंग की तेज रफ्तार कार (नंबर CH01AU1061) हादसे के बाद अनियंत्रित होकर पोल से जा टकराई। इसके बाद कार ड्राइवर मौके से भाग गया।

