ABV –IIITM ग्वालियर लेडीज क्लब के द्वारा गणपती बप्पा की पूजा अर्चना कर गणेशोत्सव मनाया गया

ग्वालियर : गणेश महोत्सव 2024 : मुरैना लिंक रोड स्थित अटल बिहारी वाजपेयी – भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान ग्वालियर के एमडीपी सेंटर में लेडीज़ क्लब ट्रिपल आईटीएम ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणपती जी की स्थापना कर गणेशोत्सव का पावन पर्व धूम धाम से मनाया। गणपती बप्पा के जयकारे के साथ समारोह स्थल गुंजायमान था। कहते हैं कि इन पवित्र दिनों में भगवान गणेश अपने भक्तों को आशीर्वाद देने धरती पर उतरते हैं। भगवान गणेश की अत्यंत ही मनमोहक सजीव प्रतिमा स्थापित कर उनकी विधिवत उपासना की गयी। इस महोत्सव में पूजा स्थल को बहुत ही मनमोहक ढंग से सुसज्जित किया गया। इस सुअवसर पर लेडीज़ क्लब की अध्यक्ष श्रीमति वंदना सिंह, सेक्रेटरी माधुरी पटनायक एवं सदस्यगण श्रीमती तुलिका श्रीवास्तव, रीना श्रीवास्तव, ज्योति अग्रवाल, दीपासिंह सिसोदिया, रिचा, आरती, आदि ने उपस्थित होकर गणपती जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। एमडीपी में कार्यरत कर्मचारियों ने भी पूजा अर्चना में भाग लिया।
गणपती भगवान की स्थापना ढ़ोल नगाड़ों व गुलाल के साथ हुई। समारोह स्थल पर गणपती जी का सुसज्जित स्थल देखते ही बनता था। अध्यक्ष श्रीमती वंदना सिंह विशेष साज सज्जा के रूप में उनके स्थान को एक विशेष पंडाल का रूप दिया गया था तथा भिन्न भिन्न रंगों की लाइटों से सुसज्जित किया गया था। पुष्प सज्जा एवं रंगोली अत्यंत ही मनमोहक थी। समारोह स्थल को विशेष रूप से क्लब के सदस्यों द्वारा सुसज्जित किया गया। समारोह का आयोजन पंडित जी के द्वारा सम्पूर्ण विधि विधान से किया गया तथा अंत में हवन भी रखा गया जिसमें सभी ने श्रद्धाभावपूर्वक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई । इस पावन पर्व पर सभी को एक खास सुखदायी अनुभूति प्राप्त हुई जिसे सभी ने महसूस किया। इस सुअवसर पर गणपती जी को प्रसन्न करने हेतु विभिन्न प्रकार की मिठाइयाँ, फल, मेवे व भजन अर्पित किए गए।
क्लब के सदस्यों ने इस कार्यक्रम में विशेष उत्साह एवं श्रद्धाभाव से भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया। गणपती जी मूर्ती जो एम डी पी सेंटर में मौजूद स्वच्छ जल कुंड में विसर्जित कर उन्हें विदाई दी गयी। विसर्जन के समय सभी सदस्यों की आँखें नम हो गईं। कार्यक्रम के सफल आयोजन से सभी ने एक नयी ऊर्जा का संचार अनुभव किया। अंत में अध्यक्ष श्रीमती वंदना सिंह के द्वारा संस्थान के सुरक्षा कर्मचारियों को व अन्य को प्रसाद का वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *