एमपी ट्रांसको की 4 बीघा जमीन अतिक्रमण मुक्त, एमपी ट्रांसको को दिलाया कब्जा

लगभग 12 करोड़ रूपए मूल्य की है यह बेशकीमती जमीन
ग्वालियर – शासकीय जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिये विशेष मुहिम जारी है। इस कड़ी में जिला प्रशासन की टीम ने मंगलवार को सिथौली रोड़ स्थित एमपी ट्रांसको (मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी) की 4 बीघा से अधिक की बहुमूल्य जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस जमीन की कीमत लगभग 12 करोड़ रूपए अनुमानित की गई है। इस कार्यवाही से एमपी ट्रांसको को ग्वालियर शहर और उसके आसपास पारेषण कार्य हेतु भूमि वापस उपलब्ध हो गई है।
एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता श्री ए.बी. गुप्ता ने बताया कि इस जमीन के अतिक्रमण मुक्त होने के कारण सिथौली रोड़ स्थित 220 केव्ही सबस्टेशन परिसर स्थित पारेषण भंडार को आवश्यकतानुसार विस्तारित किया जा सकेगा। सिथौली रोड़, गार्डन सिटी के आसपास एमपी.ट्रांसको की जमीन पर कुछ लोगों ने अनाधिकृत कब्जा कर रखा था। लगातार प्रयास के बाद जिला प्रशासन की मदद से इस बेशकीमती जमीन को मुक्त कराने की कार्यवाही की गई। राजस्व विभाग ने पुलिस बल के सहयोग से ग्राम तुरारी स्थित 4 बीघा 7 विस्वा जमीन, जिसकी वर्तमान कीमत लगभग रूपये 12 करोड़ है को अतिक्रमण से मुक्त कराकर इसका कब्जा मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी को दिया।
जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए गई टीम में तहसीलदार शिवदत्त कटारे, राजस्व निरीक्षक  पंकज कौशल शामिल थे। साथ ही पुलिस का भी इसमें सहयोग रहा। राजस्व विभाग की टीम द्वारा मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के मुकेश सक्सेना, रविन्द्र गुप्ता, रंजीत कुमार एवं लोकेश श्रीवास्तव को कब्जा दिलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *