प्रदेश सहित ग्वालियर-चंबल में फाल्ट-कटौती से किरकिरी

ग्वालियर. भीषण गर्मी में फॉल्ट और ट्रिपिंग से जनता का जीना मुहाल है ऐसे में बिजली कंपनी के अफसरों पर कोई जवाब नहीं है। बिजली कंपनी के प्रति लोगों में नाराजगी भी है। फॉल्ट-कटौती से हो हरी बिजली कंपनी की किरकिरी के चलते प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बुधवार को भोपाल के अधिकारियों की बैठक ली तो वहीं गुरूवार ग्वालियर चंबल संभाग के अधिकारियों से कहा कि ट्रिपिंग हुई तो अधिकारी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जो अधिकारी अपनी धूर्तता के कारण के फोन नहीं उठाते है, अगर उनके कारण कंपनी की छवि बिगडी तो बख्शे नहीं जाएंगे।
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने भीषण गर्मी के चलते उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने के लिए बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश रोशनी घर परिसर स्थित विद्युत वितरण कम्पनी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में बिजली कम्पनी के अधिकारियों को दिए है। बैठक में ऊर्जा मंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के कारण प्रदेश के आम नागरिकों को बिजली ट्रिपिंग का सामना न करना पडे इसके लिए अधिकारी माकूल बंदोबस्त करें। मंत्री ने भिण्ड, मुरैना, श्योपुर और विजयपुर के विभागीय अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं के फोन न उठाने की शिकायतों पर कडी नाराजगी व्यक्त की।
जहां शत प्रतिशत वसूली वहां न हो ट्रिपिंग
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि पिछले 10 दिनों में ट्रिपिंग की घटनाओं में वृद्धि हुई है, इस व्यवस्था में तुरन्त सुधार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन पाश कालोनियों से शत प्रतिशत राजस्व वसूली होती है, वहां ट्रिपिंग नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सर्वाधिक ट्रिपिंग वाले जिलों के विभागीय अधिकारियों को हिदायत दी कि समय रहते अपने-अपने इलाके की विद्युत की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *