शांतिपूर्ण मतदान कराने पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
ग्वालियर आगामी लोकसभा आम निर्वाचन 2024 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न कराने के उद्देष्य से ग्वालियर पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस द्वारा निकाले गये इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य ग्वालियर जिले में आगामी लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराना एवं जिले की कानून व्यवस्था को बनाए रखना है।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस द्वारा असमाजिक तत्वों को कड़ा संदेष दिया गया कि उनके द्वारा चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न किया गया अथवा सामाजिक सौहार्द को खराब करने का प्रयास किया गया तो ऐसे तत्वों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जावेगी। इस अवसर पर पुलिस ने आम लोगों से चुनाव के दौरान शांति व सौहार्दपूर्ण रूप माहौल बनाये रखने की अपील की और कहा कि सभी लोग सामाजिक समरसता का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से बिना किसी भय के मतदान में भाग लें। ग्वालियर पुलिस द्वारा जिले के थाना बिजौली, इन्दरगंज, पिछोर, पुरानी छावनी, गिजोर्रा, चीनोर तथा अन्य थाना क्षेत्रों में जिला पुलिस बल एवं केन्द्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स के साथ मिलकर संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।
ग्वालियर पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आने-जाने वाले वाहनों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की प्रभावी चेकिंग भी की जा रही है। जिला दण्डाधिकारी ग्वालियर द्वारा ग्वालियर जिले में 170 आदतन अपराधियों को जिला बदर किया गया है। जिला बदर किये गये आरोपियों की भी पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। जिला बदर किये गये आरोपियों द्वारा शर्तों का उल्लंधन करने पर ग्वालियर जिले के थाना बिजौली-01, भितरवार-01, इन्दरगंज-03, गोला का मन्दिर-01, ग्वालियर-05, विष्वविद्यालय-01, हजीरा-02, थाटीपुर-01 कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जाकर जेल भेजा गया।
