शिवपुरी में रोड शो के बाद सिंधिया ने भरा नामांकन, सीएम मोहन, शिवराज, वीडी शर्मा रहे मौजूद

भोपाल. तीसरे चरण के मतदान को लेकर नामांकन पत्र जमा करने की शुरूआत 12 अप्रैल से हो चुकी है। मंगलवार को गुना-शिवपुरी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी में कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी उनके साथ रहे। नामांकन से पहले सिंधिया ने शिवपुरी में भव्य रोड शो निकाला। सिंधिया दोपहर करीब पौने दो बजे गुना से शिवपुरी पहुंचे। गुना बायपास से सिंधिया का रोड शो शुरू हुआ। समर्थकों की जिद पर सिंधिया खुले वाहन में सवार हुए। जगह-जगह समर्थकों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
दिग्विजय ने पत्नी के साथ पहुंचकर किया नामांकन
उधर, राजगढ़ सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह भी नामांकन दाखिल किया। वह दोपहर बाद अपनी पत्नी अमृता के साथ राजगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे थे। इससे पहले दिग्विजय ने सपत्नीक जालपा माता के मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
सिंधिया ने गुना के टेकरी मंदिर में की पूजा-अर्चना
उधर, मंगलवार सुबह सिंधिया ने टेकरी स्थित हनुमान मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और बजरंगबली के दरबार में मत्था टेका। इसके बाद वह कारों के काफिले के साथ गुना से शिवपुरी के रवाना हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *